Breaking

Class 10 Sparsh II Hindi Chapter 15

Class 10 Sparsh II Hindi Chapter 15

प्रश्न १: प्रकृति में आए असंतुलन का क्या परिणाम हुआ?
उत्तर : प्रकृति में आए असंतुलन का यह परिणाम हुआ कि कोई भी प्रदूषण के प्रभाव से अछूता नहीं रहा | पक्षियों ने बस्तियों से भागना शुरू कर दिया | गर्मियों में ज़्यादा गर्मी, बेवक्त की बरसातें, भूकंप, सैलाब, तूफ़ान, ज़लज़ले और नित नए रोगों के रूप में हम इस असंतुलन के प्रभाव को स्पष्ट देख सकते हैं | प्रकृति की सहनशक्ति की एक सीमा होती है और जब उसके साथ अत्यधिक छेड़छाड़ की जाती है, तो प्रकृति में असंतुलन पड़ जाता है | इससे पर्यावरण पर बुरा प्रभाव पड़ता है |

प्रश्न २: लेखक की माँ ने पूरे दिन रोज़ा क्यों रखा ?
  
उत्तर : लेखक की माँ ने पूरे दिन का रोज़ा रखा ताकि वह अपनी भूल का प्रायश्चित कर सके | लेखक के ग्वालियर के घर में एक कबूतर के जोड़े ने अपना घोंसला बना लिया था, जिसमें रखे दो अण्डों में से एक बिल्ली ने तोड़ दिया था | लेखक की माँ को यह देखकर बहुत दुःख हुआ | उन्होंने स्टूल पर चढ़कर दूसरे अंडे को बचाने की कोशिश की परन्तु वह अंडा उनके हाथ से गिरकर टूट गया | कबूतरों की परेशानी और दुःख देखकर माँ की आँखों में आँसू आ गए | उस दुःख में उन्होंने कुछ भी खाया-पीया नहीं और बस रोती रहीं | खुदा से माफी माँगने के लिए उन्होंने पूरे दिन का रोज़ा रखा और नमाज़ पढ़कर इस गलती को माफ़ करने की दुआएँ मांगती रही |

प्रश्न 3: 'डेरा डालने' से आप क्या समझते हैं ? 

उत्तर : डेरा डालने का अर्थ है- अस्थायी निवास | लेखक यह कहना चाहते हैं कि बढ़ती जनसंख्या के कारण असंख्य बड़ी-बड़ी इमारतों का निर्माण किया गया | पेड़- पौधों को काटा गया और वनों की भूमि पर बस्तियाँ बना दी गईं | इससे पशु- पक्षियों के बसेरे छिन गए | उनकी अनेक प्रजातियाँ समाप्त हो गईं और वे अपना घोंसला छोड़कर यहाँ- वहाँ डेरा डालने लगे | शहरों में बनी विभिन्न इमारतों के बीच इन्होंने अपने रहने का स्थान बनाया लेकिन इन घरों में रहने वाले लोगों ने इन्हें वहाँ से भी भगा दिया | इसका परिणाम यह हुआ कि इन पक्षियों के पास रहने के लिए कोई निश्चित व स्थायी ठिकाना नहीं है | इसलिए इनकी व्यथा को स्पष्ट करने के लिए लेखक ने डेरा- डालने जैसे शब्द का प्रयोग किया है | 

प्रश्न ४: समुद्र के गुस्से की क्या वजह थी ? उसने अपना गुस्सा कैसे निकला ?

उत्तर : समुद्र के गुस्से की वजह थी उसका सिमटना | निरंतर बढ़ती आबादी के कारण बिल्डर धीरे-धीरे समुद्र की ज़मीन छीनकर उसपर बस्तियाँ बनाते जा रहे थे | समुद्र ने अपने आप को बहुत सिकोड़ा | जब उसकी सहन-शक्ति की सीमा समाप्त हो गई, तो वह गुस्से से भर उठा | उसने अपना गुस्सा प्रकट करने के लिए लहरों द्वारा तीन जहाज़ों को बच्चों की गेंद की तरह उछालकर तीन दिशाओं में फेंक दिया | एक जहाज़ वर्ली के समुद्र के किनारे जा गिरा, दूसरा बांद्रा के कार्टर रोड के सामने औंधे मुँह जाकर गिरा और तीसरा गेटवे ऑफ इंडिया पर गिरा | ये तीनों जहाज़ अनेक कोशिशों के बाद भी चलाने लायक नहीं हो सके | 

प्रश्न ५: " जो जितना बड़ा होता है, उसे उतना ही कम गुस्सा आता है |" आशय स्पष्ट करें |

उत्तर : प्रस्तुत कथन का आशय यह है की बड़ा व्यक्ति सदैव उदार हृदय होता है | लेखक कहना चाहते हैं कि महान व बड़े व्यक्ति में कई गुणों का संगम होता है | उनमें से एक गुण यह है कि वे सहनशील होते हैं और अपने क्रोध पर नियंत्रण करना जानते हैं | 

उन्हें सामान्यतः क्रोध नहीं आता परन्तु जब आता है तो उसपर नियंत्रण करना कठिन है | समुद्र इसका सबसे बड़ा उदाहरण है | ऊपर से शांत और गंभीर दिखने वाले सागर को जब गुस्सा आता है, तो वह प्रलय का दृश्य प्रस्तुत कर देता है | इसका सजीव उदाहरण मुंबई के पास देखने को मिला था, जब सागर ने अपने ऊपर तैरने वाले तीन जहाज़ों को उछालकर बुरी तरह तहस-नहस कर दिया था | 
Courtesy : CBSE